रिपोर्ट – राहुल साहू
ललितपुर जनपद की एक होनहार बेटी ने अपनी मेहनत और संघर्ष से जिले का नाम रोशन किया है। मड़ावरा कस्बे की रहने वाली हिमांशी जैन का चयन यूपीपीसीएस 2024 में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर हुआ है। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में 154वीं रैंक हासिल कर यह सफलता पाई।
बताया जा रहा है कि हिमांशी जैन एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता का निधन कोरोना काल में हो गया था, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी मां पर आ गई। उनकी मां ने परचूनी की दुकान चलाकर बच्चों का पालन-पोषण किया और उनकी पढ़ाई जारी रखी।
हिमांशी के दादा जैन मुनि हैं और परिवार ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा को प्राथमिकता दी। हिमांशी की इस उपलब्धि के बाद जब वह पहली बार अपने गृह जनपद पहुंचीं, तो स्थानीय रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया।
पत्रकारों से बातचीत में हिमांशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां को दिया। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने कभी उनका हौसला टूटने नहीं दिया। साथ ही उन्होंने अपने मामा का भी आभार जताया, जिन्होंने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से सहयोग दिया।
