Homeउत्तर प्रदेशऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन डेट बढ़ी, 30 अप्रैल तक मौका......

ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन डेट बढ़ी, 30 अप्रैल तक मौका……

लखनऊ में आवास की तलाश कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने ऐशबाग स्क्वायर अपार्टमेंट के फ्लैट्स के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 30 अप्रैल कर दी है। पहले यह अवधि समाप्त होने वाली थी, जिसे 15 दिन के लिए आगे बढ़ाया गया है।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक आवेदक अब 30 अप्रैल तक केवल एलडीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।

इसके लिए फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत राशि पंजीकरण शुल्क के रूप में जमा करनी होगी, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह शुल्क 2.5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है। फ्लैट्स का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा।एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के अनुसार, यह ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट ऐशबाग के मिल रोड पर विकसित किया जाएगा, जिसकी लोकेशन और कनेक्टिविटी काफी बेहतर होगी।

यह प्रोजेक्ट पुराने लखनऊ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है, जहां इस प्रकार के आधुनिक आवासीय विकल्प कम उपलब्ध हैं। यहां से चारबाग रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और नाका, आलमबाग व अमीनाबाद जैसे प्रमुख बाजार नजदीक होंगे।

इस प्रोजेक्ट में कुल 17,910 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 27 मंजिला चार टावर बनाए जाएंगे। इसमें 3 बीएचके और सर्वेंट रूम के साथ कुल 384 प्रीमियम फ्लैट्स होंगे, जिनका क्षेत्रफल लगभग 1900 वर्गफीट होगा। फ्लैट्स की शुरुआती कीमत 1.11 करोड़ रुपये रखी गई है।

सोसाइटी में आधुनिक सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है, जिसमें स्विमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 600 से अधिक वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था शामिल है। साथ ही परिसर में ही कॉमर्शियल दुकानों का निर्माण भी किया जाएगा।

एलडीए ने इस प्रोजेक्ट को 3 साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जबकि 5 साल के भीतर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा देने की योजना है। आवंटन के बाद लाभार्थियों को 36 महीनों की किस्तों में शेष भुगतान करना होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular