Homeउत्तर प्रदेशलोहिया संस्थान में सफाई कर्मियों का प्रदर्शन, मारपीट और बंधक बनाने का...

लोहिया संस्थान में सफाई कर्मियों का प्रदर्शन, मारपीट और बंधक बनाने का आरोप

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार सुबह सफाई कर्मियों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे सफाई कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए सोमवार को कथित तौर पर हुई मारपीट और अभद्रता के मामले में कार्रवाई की मांग की। सफाई कर्मियों का आरोप है कि नवजात का शव मिलने की सूचना देने के बाद उनके दो साथियों के साथ मारपीट की गई और उन्हें कई घंटे तक कमरे में बंद रखा गया।

सफाई कर्मियों के मुताबिक, सोमवार सुबह इमरजेंसी के ट्राएज एरिया में सफाई के दौरान वॉशरूम में एक नवजात का शव मिला था। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी संस्थान के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इसी मामले में सफाई कर्मी रामचंद्र और मोहन का आरोप है कि नवजात का शव मिलने की सूचना देने के बाद उन्हें प्रशासनिक भवन ले जाया गया। उनका आरोप है कि वहां सुरजीत सिंह और राजेश यादव समेत कुछ सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की। दोनों ने आरोप लगाया कि उन्हें जातिसूचक गालियां दी गईं और करीब पांच घंटे तक एक कमरे में बंद रखा गया।

वीडियो बनाकर लगाए आरोप

घटना के बाद सोमवार देर शाम दोनों सफाई कर्मियों ने वीडियो बनाकर अपने साथ हुई कथित घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि नवजात मिलने की सूचना देने के बाद उन्हें प्रशासनिक भवन बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। सफाई कर्मियों के इन आरोपों के बाद मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रशासनिक भवन पहुंच गए।

प्रदर्शन के दौरान महिला और पुरुष सफाई कर्मी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासनिक भवन का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब कर्मचारी संस्थान में अपनी ड्यूटी कर रहे हैं, तो उनके साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए।

विभूतिखंड थाने में दी तहरीर

मामले में सफाई कर्मी रामचंद्र और मोहन की ओर से विभूतिखंड थाना प्रभारी को तहरीर दी गई है। तहरीर में सुरजीत सिंह, राजेश यादव समेत अज्ञात सुरक्षा कर्मियों पर मारपीट, अभद्रता और जबरन कमरे में बंद रखने के आरोप लगाए गए हैं। सफाई कर्मियों ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल सफाई कर्मियों के आरोपों के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। मामले में संस्थान प्रशासन और आरोप लगाए गए सुरक्षा कर्मियों का पक्ष सामने आना बाकी है। नवजात का शव मिलने की घटना के बाद सफाई कर्मियों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आने से संस्थान में भी हलचल का माहौल बना रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular