Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में भीषण हीटवेव का कहर, 42°C के पार पहुंचा पारा; 29...

लखनऊ में भीषण हीटवेव का कहर, 42°C के पार पहुंचा पारा; 29 जून से बारिश और मानसून की उम्मीद

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भीषण हीटवेव का असर लगातार जारी है। शनिवार सुबह से ही गर्म हवा के थपेड़े और तेज धूप ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया।

चिलचिलाती धूप, उमस और बढ़ती तपिश के कारण दोपहर के समय घर से बाहर निकलना चुनौती बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा था।

अधिकतम आर्द्रता 70 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 32 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे उमस और अधिक महसूस हुई

हालांकि शुक्रवार शाम को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला, लेकिन दिनभर तेज धूप और लू ने लोगों को बेहाल रखा। लखनऊ के साथ-साथ प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है।

28 जून तक राहत नहीं

मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जून तक उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू का असर बना रहेगा। लखनऊ के अलावा बांदा, गाजीपुर, बलिया, सुल्तानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, अलीगढ़, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद सहित कई जिलों में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं।

29 जून से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 29 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू होगा। 30 जून तक बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर तेजी से आगे बढ़ सकता है। बारिश शुरू होने के साथ ही लोगों को भीषण गर्मी और लू से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular