Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में आधी रात गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ का जयघोष, इस्कॉन...

लखनऊ में आधी रात गूंजा ‘जय कन्हैया लाल की’ का जयघोष, इस्कॉन में कान्हा का भव्य अभिषेक; थानों में भी मना जन्मोत्सव

लखनऊ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार को पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। जैसे ही रात के 12 बजे, मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के प्रकट होने के साथ ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे गूंज उठे।

सुशांत गोल्फ सिटी स्थित इस्कॉन मंदिर में आधी रात भगवान का पंचामृत और विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हाथ जोड़कर अभिषेक के साक्षी बने। भजनों और ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ के कीर्तन पर भक्त देर रात तक झूमते रहे। मंदिर में श्रद्धालु मोरपंख और भोग लेकर भी पहुंचे।

वहीं, लखनऊ जिले के 53 पुलिस थानों में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष सजावट की गई। थानों में शाम से ही भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो गए। कई थानों के हवालात को फूलों से सजाया गया, क्योंकि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कारागार में हुआ था।

पुलिस लाइन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। उन्होंने ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे के साथ संबोधन की शुरुआत की और श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े धर्म, सत्य, न्याय और निष्काम कर्म के संदेश पर बात की।

हजरतगंज थाने में श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर द्वारिकाधीश बनने तक की झांकियां सजाई गईं। नाका हिंडोला थाने में कलाकारों ने रास नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि कई अन्य थानों में भजन संध्या और भंडारे का आयोजन हुआ।

गोमतीनगर के महामना इंटर कॉलेज में बच्चों के साथ बुजुर्गों ने भी जन्माष्टमी की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी छूने की प्रतियोगिता में बुजुर्ग भी बच्चों के साथ दौड़ते नजर आए।

इस तरह लखनऊ में मंदिरों से लेकर पुलिस थानों तक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव भक्ति, संगीत और उल्लास से सराबोर रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular