लखनऊ के चौक कोतवाली स्थित श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में छठे बड़े मंगल के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों और भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया और सुबह बजरंगबली को सिंदूर व चमेली का तेल अर्पित किया गया।
मंदिर के महंत Mahant Vishal Gaud ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि हनुमान जी की पूजा और साधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की भक्ति से आत्मिक शक्ति और सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें छोला-भटूरा, छोला-चावल, पूड़ी-सब्जी, छाछ और शिकंजी का प्रसाद वितरित किया गया। महंत विशाल गौड़ ने स्वयं सेवा करते हुए भक्तों को प्रसाद परोसा।
कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। शाम को भव्य आरती और कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तिमय माहौल में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
