HomeUncategorizedलखनऊ में बेकाबू मिक्सर ट्रक का कहर: डॉक्टर जय प्रकाश गुप्ता की...

लखनऊ में बेकाबू मिक्सर ट्रक का कहर: डॉक्टर जय प्रकाश गुप्ता की दर्दनाक मौत….

लखनऊ। आईआईएम रोड स्थित शालीमार गार्डन-बे के गेट पर शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 58 वर्षीय डॉक्टर जय प्रकाश गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार सीमेंट कंक्रीट मिक्सर ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।

जानकारी के अनुसार, कानपुर के केपीएम अस्पताल में डेंटल सर्जन के पद पर तैनात जय प्रकाश गुप्ता वीकेंड पर अपने लखनऊ स्थित घर आए थे। शनिवार शाम वह कॉलोनी के गेट पर खड़े होकर अपने बेटे देवांश का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान परिसर के अंदर से तेज रफ्तार में निकले मिक्सर ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पिछले पहिये उनके ऊपर से गुजर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी और उसे भी कुचलने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में जय प्रकाश गुप्ता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे देवांश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक जीतू को गिरफ्तार कर लिया गया है और मिक्सर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।

मृतक की पत्नी डॉ. अर्चना King George’s Medical University (केजीएमयू) में प्रोफेसर हैं। परिवार में शोक का माहौल है। उनका एक बेटा बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, जबकि दूसरा बेटा देवांश केजीएमयू से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी में निर्माण कार्य चल रहा था और मिक्सर ट्रक वहीं से निकल रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है

RELATED ARTICLES

Most Popular