लखनऊ के नाका थाना क्षेत्र स्थित बाजार में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इलेक्ट्रॉनिक सामान के दो गोदामों में लगी, जिससे घना धुआं उठने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशन से दो-दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने बाहर से ही आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन धुआं ज्यादा होने के कारण अंदर पहुंचना मुश्किल रहा। धुआं कम होने के बाद शटर तोड़कर अंदर जाकर आग पर काबू पाया गया।

करीब 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझाई जा सकी। इस हादसे में ‘महिमा इलेक्ट्रॉनिक’ नाम का गोदाम सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ, जहां रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
फायर स्टेशन ऑफिसर राम कुमार राठव के मुताबिक, आग काफी बड़ी थी, इसलिए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाना पड़ा। गोदाम का शटर बंद होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत आई, जिसे बाद में तोड़कर स्थिति को नियंत्रण में लाया गया।
