लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में सड़क किनारे 22 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक सोमवार को काम पर गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने कस्बे से गांव जाने वाली सड़क के किनारे एक शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान नंदौली गांव निवासी रैंकिश के रूप में की।
मृतक के बड़े भाई लवकुश ने आरोप लगाया कि रैंकिश सोमवार को ब्रह्मदासपुर निवासी राजमिस्त्री नंदकिशोर और साथी रामराज के साथ काम पर गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार चिंतित हो गया। शव मिलने के बाद परिजनों ने उसके साथियों पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
वहीं, थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी के मुताबिक शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
