Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में प्लॉट बेचने के नाम पर ठगी, कूटरचित दस्तावेजों से धोखाधड़ी...

लखनऊ में प्लॉट बेचने के नाम पर ठगी, कूटरचित दस्तावेजों से धोखाधड़ी करने वाला शातिर गिरफ्तार

राजधानी लखनऊ में प्रॉपर्टी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामला पीजीआई थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां उन्नाव जनपद के बेहटा नथई सिंह निवासी गायत्री देवी ने 9 जनवरी 2025 को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गौरव अवस्थी समेत अन्य लोगों ने प्लॉट बेचने के नाम पर उनसे बड़ी रकम ठग ली। आरोपियों ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर सौदे को अंजाम दिया। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 14/2025 दर्ज कर जांच शुरू की।

सूचना पर हुई कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति यूनियन बैंक के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सर्वेश कुमार पाण्डेय (36) पुत्र ध्यानचंद्र पाण्डेय, निवासी रतनखंड, शारदानगर, थाना आशियाना, लखनऊ बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और एक पुराना मोबाइल फोन बरामद किया गया।

प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर करता था ठगी
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी प्रॉपर्टी डीलिंग के नाम पर लोगों को झांसा देता था और फर्जी दस्तावेजों के जरिए उनसे पैसे ऐंठता था। अवैध तरीके से धन कमाकर अपने शौक पूरे करने के लिए वह इस तरह की ठगी को अंजाम देता था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular