रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। स्वच्छता की राष्ट्रीय रैंकिंग में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने एक बार फिर अपनी पहचान कायम रखी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में लखनऊ ने देश के सबसे स्वच्छ बड़े शहरों की श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि शहर ने लगातार दूसरे वर्ष अपनी तीसरी रैंकिंग बरकरार रखी है। वहीं, गाजियाबाद प्रदेश का सबसे स्वच्छ नगर बनकर उभरा है। वाराणसी ने भी नदी तटीय शहरों की श्रेणी में तीसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया। लखनऊ की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि पिछले वर्ष शहर ने स्वच्छता रैंकिंग में 44वें स्थान से सीधे तीसरे स्थान तक का सफर तय किया था। इस बार भी नगर निगम ने अपनी स्थिति बनाए रखने में सफलता हासिल की है।
गाजियाबाद प्रदेश में सबसे आगे
इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में गाजियाबाद ने उत्तर प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगर का खिताब अपने नाम किया है। वहीं, नदी तटीय शहरों की श्रेणी में वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा। पिछले वर्ष इस श्रेणी में प्रयागराज ने देश में पहला स्थान हासिल किया था। ऐसे में इस बार वाराणसी की उपलब्धि और प्रयागराज की रैंकिंग में बदलाव चर्चा का विषय बना हुआ है।
पिछले सर्वेक्षण में लखनऊ के बाद आगरा 10वें, गाजियाबाद 11वें, प्रयागराज 12वें और वाराणसी 17वें स्थान पर रहे थे। हालांकि, इस बार प्रदेश के अन्य शहरों की विस्तृत रैंकिंग अभी जारी नहीं की गई है।
43 संकेतकों पर हुआ शहरों का मूल्यांकन
स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में नगरीय निकायों का मूल्यांकन 10 प्रमुख क्षेत्रों के 43 संकेतकों के आधार पर किया गया। इसमें घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण, परिवहन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक स्थलों की सफाई और स्वच्छता सुविधाओं की उपलब्धता को शामिल किया गया।
इसके अलावा मल-कीचड़ प्रबंधन, इस्तेमाल किए गए पानी का निस्तारण, नागरिकों की भागीदारी और सफाई कर्मचारियों के कल्याण पर भी विशेष ध्यान दिया गया। इस बार नदी तटों, जल निकायों, पर्यटन एवं विरासत स्थलों की स्वच्छता के साथ स्कूलों में स्वच्छता संबंधी व्यवहार को बढ़ावा देने को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया।
