Homeउत्तर प्रदेशस्विमिंग पूल में डूबने से छात्र की मौत: लाइफगार्ड ने निकाला बाहर,...

स्विमिंग पूल में डूबने से छात्र की मौत: लाइफगार्ड ने निकाला बाहर, अस्पताल में हुई मौत

लखनऊ। राजधानी के आशियाना स्थित राम मनोहर लोहिया लॉ यूनिवर्सिटी परिसर में बने स्विमिंग पूल में दर्दनाक हादसा हो गया। जहां इंटरमीडिएट का 17 वर्षीय छात्र नहाने के दौरान डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के वक्त उसका बड़ा भाई और दो अन्य युवक भी पूल में मौजूद थे। तीनों के सामने ही छात्र गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। शोर मचने पर लाइफगार्ड मौके पर पहुंचा और उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक छात्र ने हाल ही में दिए थे बोर्ड परीक्षा

मृतक की पहचान आशियाना निवासी अमित भूषण के बेटे कुशाग्र भूषण के रूप में हुई है। वह 17 साल का था और उसने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा दी थी। उसके पिता एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट हैं। परिवार में मां प्रतिभा और बड़ा भाई प्रणव हैं। कुशाग्र की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

300 रुपए का टिकट लेकर दोस्तों संग पूल में उतरा था

बड़े भाई प्रणव के मुताबिक रविवार रात वह अपने छोटे भाई कुशाग्र और मोहल्ले के दो दोस्तों—स्वप्लिन और उत्कर्ष के साथ यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। चारों ने 300 रुपए का टिकट लिया और पूल में प्रवेश किया। नहाने के दौरान कुशाग्र अचानक पूल के 14 फीट गहरे हिस्से में चला गया और संतुलन खो बैठा, जिससे वह डूबने लगा।

लाइफगार्ड ने निकाला बाहर, अस्पताल में हुई मौत

आशियाना थाने के इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के अनुसार, कुशाग्र को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद मौके पर तैनात लाइफगार्ड तुरंत हरकत में आया और कुछ ही मिनटों में उसे पानी से बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में उसे लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, पोस्टमॉर्टम आज

पुलिस के मुताबिक, स्विमिंग पूल में लगे CCTV कैमरों की जांच में कुशाग्र नहाते हुए दिखाई दे रहा है। फिलहाल देर रात तक न तो परिजनों और न ही पूल संचालक की ओर से कोई शिकायत दर्ज कराई गई थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है और सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular