रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
राजधानी लखनऊ के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। तिहरे हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी राजेश शुक्ला उर्फ तुन्नू को सआदतगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने उसे उसी इलाके से दबोचा, जहां वह फरारी काट रहा था। अब पुलिस की टीमें मामले में फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी दिव्या शुक्ला की तलाश में जुटी हैं।
डीजीपी राजीव कृष्णा के पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के करीब 24 घंटे के भीतर हुई इस गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। इससे पहले डीजीपी शुक्रवार को ब्राह्मणी टोला पहुंचे थे।
घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दिलाया था। इस दौरान मृतक शिवाजी तिवारी की पत्नी ने राजेश शुक्ला उर्फ तुन्नू और उसके चचेरे भाई रविंद्र शुक्ला के एनकाउंटर की मांग भी की थी।
26 अक्टूबर को हुई थी तीन लोगों की हत्या
बता दें कि 26 अक्टूबर को सआदतगंज क्षेत्र के ब्राह्मणी टोला में कार पार्किंग और चबूतरे को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतकों की पहचान सचिवालय के सेवानिवृत्त कर्मचारी और आरएसएस के जिला कार्यवाह रहे 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और शिवाजी के 30 वर्षीय बेटे सुयश तिवारी के रूप में हुई थी।
इस हत्याकांड का मुख्य आरोपित ऋषभ शुक्ला बताया गया है। वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। पुलिस अब तक ऋषभ शुक्ला समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
दिव्या की तलाश में पुलिस की टीमें
इस मामले में राजेश शुक्ला और ऋषभ की बहन दिव्या फरार चल रहे थे। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। राजेश की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस का अगला लक्ष्य दिव्या को पकड़ना है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
