दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में अरुणाचल प्रदेश की तीन महिलाओं के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार और बदसलूकी करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी हर्ष सिंह और उसकी पत्नी रूबी जैन को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी SC-ST Act और संबंधित अन्य धाराओं के तहत की गई है। मामले की जांच अब ACP रैंक के अधिकारी की देखरेख में चल रही है।
गिरफ्तारी से पहले आरोपी हर्ष ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, “हम निश्चित रूप से शर्मिंदा हैं। मैं ऐसा इंसान नहीं हूं, ये सब कुछ ‘हीट ऑफ द मूमेंट’ में हुआ। हम दिल्ली पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं।” हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में आरोपी कपल की आक्रामकता इस बयान से मेल नहीं खाती दिख रही थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई और न्याय सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी है।
