लखनऊ, 4 अप्रैल। चर्चित वेब शो ‘मामला लीगल है’ के सीजन 2 के प्रमोशन के लिए रवि किशन और अनंत जोशी लखनऊ पहुंचे। इस दौरान दोनों कलाकारों ने मीडिया से बातचीत करते हुए शो के अनुभव, कहानी और खास पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
मीडिया से बातचीत में अनंत जोशी ने बताया कि शो की सफलता का सबसे बड़ा कारण टीम के बीच का तालमेल और सकारात्मक माहौल है। उन्होंने कहा कि सेट पर कलाकार न केवल अपने काम को गंभीरता से निभाते हैं, बल्कि एक-दूसरे के साथ मस्ती और सम्मान का माहौल भी बनाए रखते हैं, जो स्क्रीन पर भी दिखाई देता है।
वहीं, रवि किशन ने शो की कहानी को लेकर कहा कि ‘मामला लीगल है’ वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है, जिससे यह दर्शकों के लिए ज्यादा प्रासंगिक बन जाता है। उन्होंने बताया कि शो के किरदार आम जिंदगी से जुड़े हुए हैं, इसलिए दर्शक उनसे आसानी से जुड़ाव महसूस करते हैं। उन्होंने इसे एक पारिवारिक शो बताते हुए कहा कि इसे हर उम्र के लोग साथ बैठकर देख सकते हैं।
शो में जिला अदालत की पृष्ठभूमि में हल्के-फुल्के अंदाज में कोर्टरूम ड्रामा पेश किया गया है, जिसमें हास्य, अनोखे किरदार और दिलचस्प मामलों का मिश्रण देखने को मिलता है। सीजन 2 में इन सभी तत्वों को और अधिक रोचक बनाया गया है, जिसमें नए ट्विस्ट और मनोरंजन का तड़का जोड़ा गया है।
‘मामला लीगल है सीजन 2’ की स्ट्रीमिंग शुरू हो चुकी है और इसे दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। शो की कहानी, संवाद और कलाकारों की अदाकारी को सराहा जा रहा है, जिससे यह तेजी से लोकप्रिय होता जा रहा है।
