मणिपुर पुलिस ने कहा है कि राज्य में ‘कुकी उग्रवादियों’ ने बिष्णुपुर ज़िले की दो जगहों पर रॉकेट दागे हैं. इन इलाकों में लोग रह रहे हैं.
पुलिस के मुताबिक़, इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और छह लोग घायल हुए हैं.
इस घटना के बाद पुलिस और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को पहाड़ी इलाकों में तलाशी अभियान चलाने के लिए भेजा गया है.
सुरक्षा बलों ने ‘कुकी उग्रवादियों’ के कुल तीन बंकरों को नष्ट भी कर दिया है. इलाके में हवाई गश्त के लिए हेलीकॉप्टरों को भी तैनात कर दिया गया है.
आईजीपी और डीआईजीपी स्तर के पुलिस अधिकारी स्थिति की निगरानी के लिए मौके पर ही मौजूद हैं. इसके साथ ही राज्य में क़ानून व्यवस्था की निगरानी के लिए हाई लेवल की सुरक्षा बैठकें भी हो रही हैं.
पुलिस ने कहा है कि अधिकारी स्थितियों पर अपनी बारीक नज़र बनाए हुए हैं. पुलिस किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है.
