मेरठ में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, दौराला थाना क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले तीनों व्यक्तियों ने देसी शराब का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में टोल प्लाजा के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अंकित और जितेंद्र की मौत हो गई, जबकि बाबूराम ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने जहरीली शराब पीने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। जिलाधिकारी वी.के. सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे और एसपी सिटी आयुष विक्रम सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एसएसपी अविनाश पांडे के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के लिए बिसरा सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से चार पव्वे बरामद हुए हैं, जिनमें तीन ‘दिलकश’ ब्रांड और एक ‘बंटी जीरा मसाला’ नामक शराब शामिल है। आशंका जताई जा रही है कि इसी शराब के सेवन से यह हादसा हुआ।
फिलहाल पुलिस ने संबंधित शराब के ठेके को सील कर दिया है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से खरीदी गई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।
