प्रधानमंत्री मोदी के ‘तीन ख़ानदान’ वाले बयान पर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की प्रतिक्रिया सामने आई है. जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने कहा मोदी जी को शुक्रगुज़ार होना चाहिए. खासकर शेख़ खानदान का. शेख साहब के कारण जम्मू कश्मीर बाकी देश से जुड़ा. उमर अब्दुल्लाह जब बीजेपी में मिनिस्टर थे, तब जम्मू कश्मीर में उन्होंने पोटा लागू किया, बीजेपी का एजेंडा यहां फैलाया.
उन्होंने कहा और जहां तक पीडीपी का मुफ्ती खानदान का सवाल है, मोदी जी को याद होगा कि कैसे वो लोग महीनों तक हमारे दरवाज़े पर आए, हमारे साथ हर शर्त मंजूर कर सरकार बनाने की बात करते रहे.
गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी श्रीनगर में एक चुनावी सभा को संबाधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कश्मीर के राजनीतिक ख़ानदानों पर निशाना साधते हुए कहा था कि कश्मीर की बर्बादी के लिए तीन ख़ानदान ज़िम्मेदार हैं.
