Homeउत्तर प्रदेशमिशन शक्ति 5.0 :लखनऊ के चिनहट में जागरूकता शिविर, महिलाओं को योजनाओं...

मिशन शक्ति 5.0 :लखनऊ के चिनहट में जागरूकता शिविर, महिलाओं को योजनाओं की जानकारी दी गई..

लखनऊ। प्रदेश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वासंतिक नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति 5.0 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में निदेशक, महिला कल्याण, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी कार्ययोजना के अनुपालन में तथा जिलाधिकारी, लखनऊ के नेतृत्व एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में ब्लॉक चिनहट क्षेत्र में एक जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

एएनएम और सफाईकर्मी महिलाएं भी हुई शामिल

इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में एडीओ आभा सिंह, अभिलाषा सिंह, नमिता सिंह (समाज कल्याण विभाग) आलोक श्रीवास्तव (सांख्यिकीय विभाग) मीना हसन (कृषि विभाग) सहित जिला प्रोबेशन कार्यालय, लखनऊ हब की टीम से वंदना द्विवेदी (जेंडर स्पेशलिस्ट) और अन्य आशा, एएनएम एवं सफाई कर्मी महिलाएं उपस्थित रहीं।

योजनाओं की दी गई जानकारी

शिविर के दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) तथा स्पॉन्सरशिप योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही अन्य विभागों की योजनाएं—वृद्धावस्था पेंशन योजना, स्कॉलरशिप योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में भी महिलाओं को अवगत कराया गया।

वहीं अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं को इन योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया समझाते हुए उन्हें अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular