Homeउत्तर प्रदेशमोदी-योगी की डबल इंजन सरकार ने बदली यूपी की तस्वीर, विकास और...

मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार ने बदली यूपी की तस्वीर, विकास और आस्था में रचा नया इतिहास

लखनऊ, 10 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया रिकॉर्ड कायम किया। वाराणसी से लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के समन्वय से उत्तर प्रदेश ने विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है।

डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर), गंगा एक्सप्रेसवे, देश की पहली नमो भारत रैपिड रेल, गोरखपुर एम्स, फर्टिलाइजर कारखाना, सेमीकंडक्टर यूनिट, सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना तथा केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना जैसे बड़े प्रकल्पों ने प्रदेश को नई गति प्रदान की है।

वहीं आस्था और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का विकास, प्रयागराज महाकुंभ और दीपोत्सव जैसे आयोजनों ने प्रदेश को धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बना दिया है।

एयरपोर्ट और एक्सप्रेसवे ने बढ़ाई रफ्तार

प्रधानमंत्री मोदी ने 28 मार्च 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) का उद्घाटन किया। इसके अलावा महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अयोध्या और कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी प्रदेश को समर्पित किए गए। 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई मजबूती दी है।

निवेश का बना पसंदीदा गंतव्य

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से उत्तर प्रदेश ने निवेशकों का भरोसा जीता। प्रधानमंत्री मोदी ने निवेशकों को आश्वस्त किया कि उत्तर प्रदेश निवेश के लिए देश के सबसे उपयुक्त राज्यों में शामिल है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर सृजित हुए।

राम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम बने पहचान

प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भूमिपूजन से लेकर लोकार्पण तक की ऐतिहासिक प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं वर्ष 2021 में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का लोकार्पण किया गया। प्रयागराज महाकुंभ-2025 में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे विश्व का सबसे बड़ा आध्यात्मिक आयोजन बना दिया।

वाराणसी में विकास की नई तस्वीर

पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लगभग 36,211 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और करीब 25 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, ट्रेड फैसिलिटी सेंटर, सिगरा स्टेडियम, रिंग रोड, रोपवे, फ्लाईओवर और घाटों के पुनर्विकास जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।

गोरखपुर को मिली एम्स और फर्टिलाइजर संयंत्र की सौगात

गोरखपुर में बंद पड़े फर्टिलाइजर कारखाने को पुनर्जीवित कर हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए गए। साथ ही गोरखपुर एम्स की स्थापना से पूर्वांचल, बिहार और नेपाल के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं।

रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का विस्तार

22 फरवरी 2026 को मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नमो भारत रैपिड रेल तथा मेरठ मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिली है।

मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश ने विकास, निवेश, बुनियादी ढांचे, आस्था और पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर देश के ग्रोथ इंजन के रूप में अपनी पहचान मजबूत की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular