Homeक्राइमनासिक में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के...

नासिक में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

Maharashtra के नासिक जिले के डिंडोरी इलाके में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां एक कार अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 6 बच्चे भी शामिल हैं।

मृतकों की पहचान रेशमा सुनील दरगुडे (27), आशा अनिल दरगुडे (32), खुशी/सृष्टि अनिल दरगुडे (14), श्रेयस अनिल दरगुडे (11), राखी/गुणवंती सुनील दरगुडे, श्रावणी अनिल दरगुडे (11), समृद्धि राजेंद्र दरगुडे (7), माधुरी अनिल दरगुडे (13) और सुनील दत्तु दरगुडे (32) के रूप में हुई है। सभी मृतक इंदौर, तालुका डिंडोरी, जिला नासिक के निवासी थे।

बताया जा रहा है कि दरगुडे परिवार किसी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे कुएं में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी लोग पानी में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। स्थानीय नागरिकों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। कुएं से कार और सभी शवों को बाहर निकालकर डिंडोरी के सरकारी अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि शिवाजी नगर इलाके में एक मारुति XL6 कार कुएं में गिर गई है। इसके बाद तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य के लिए दो हाइड्रा क्रेन और कुशल तैराकों को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद रात करीब 12:15 बजे तक सभी लोगों को बाहर निकाला गया।

इस हादसे ने पूरे गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर फैला दी है। एक ही परिवार के इतने सदस्यों की मौत से हर कोई स्तब्ध है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular