Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय खेल दिवसराष्ट्रीय खेल दिवस पर यूपी में 28 से 30 अगस्त...

राष्ट्रीय खेल दिवसराष्ट्रीय खेल दिवस पर यूपी में 28 से 30 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान

रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस बार उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में खेल और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए विशेष आयोजन किए जाएंगे। 28 से 30 अगस्त तक तीन दिवसीय अभियान चलाकर लोगों को खेलों से जोड़ने और नियमित रूप से फिट रहने का संदेश दिया जाएगा।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत इस वर्ष ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर राष्ट्रव्यापी अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी थीम के अनुरूप उत्तर प्रदेश में भी जिला स्तर पर विभिन्न खेल और फिटनेस गतिविधियां आयोजित होंगी।

जिलों में होंगे खेल और फिटनेस कार्यक्रम

खेल विभाग ने सभी जिलों को अभियान के तहत आवश्यक तैयारियां पूरी करने और कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। आयोजनों में बच्चों, युवाओं और अन्य आयु वर्ग के लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। खेल गतिविधियों के साथ फिटनेस कार्यक्रम और सामुदायिक भागीदारी को भी अभियान का हिस्सा बनाया जाएगा।

राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रमों में तीन प्रमुख संदेशों ‘ट्रिब्यूट, प्ले और मूव’ पर जोर रहेगा। इसके जरिए हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देने के साथ देश की समृद्ध खेल विरासत को याद किया जाएगा। साथ ही लोगों को खेल और शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

खिलाड़ियों की उपलब्धता के बाद होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

हालांकि, 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर होने वाला राज्य स्तरीय कार्यक्रम फिलहाल आयोजित नहीं किया जाएगा। राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले अधिकांश खिलाड़ी इन दिनों एशियन गेम्स की तैयारियों के लिए कैंप में हैं। खिलाड़ियों की व्यस्तता को देखते हुए राज्य स्तरीय आयोजन बाद में किया जाएगा।

खिलाड़ियों की उपलब्धता के बाद प्रदेश स्तर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करना, युवाओं को खेलों से जोड़ना और लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular