बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी है.
नवीन पटनायक ने एक्स पर लिखा- “लगातार रिकॉर्ड तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के लिए नरेंद्र मोदी जी को बधाई. आपके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं और लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए आपकी टीम को शुभकामनाएं. आपके नेतृत्व में हमारा देश विकास की नई ऊंचाइयों को छुए.”
लोकसभा चुनाव के साथ ही ओडिशा में विधानसभा चुनाव हुए थे. इस चुनाव में 25 साल बाद नवीन पटनायक की पार्टी की हार हुई और बीजेपी की एंट्री हुई. बीजेपी ने 78 सीटें जीतीं हैं और बीजेडी 51 सीटों पर जीत हासिल कर पाई है.
इससे पहले चुनाव कैंपेन के दौरान नरेंद्र मोदी और नवीन पटनायक के बीच आरोप और पलटवार का दौर चला था.
नरेंद्र मोदी ने चुनावी रैली के दौरान मंच से कहा था कि “नवीन बाबू का स्वास्थ्य ठीक नहीं है और उनके क़रीबियों ने इसे लेकर चिंता ज़ाहिर की है, ये जांच का विषय है.”
इसके जवाब में नवीन पटनायक ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि “उनका स्वास्थ्य बिलकुल ठीक है और अगर पीएम मोदी को इतनी चिंता थी तो वह उन्हें सीधे फोन कर सकते थे.”
ये विवाद दरअसल पैदा हुआ था एक वीडियो के सामने आने के बाद, जिसमें नवीन पटनायक लोगों को संबोधित कर रहे थे इस दौरान उनका हाथ कांप रहा था. उनके कांपते हाथ को वी.के पांडियन ने हटा कर पीछे कर दिया था.
इसके बाद बीजेपी ने इस पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि “पटनायक का स्वास्थ्य तेज़ी से खराब हो रहा है जिसकी जांच होनी चाहिए.”
ओडिशा की राजनीति में रविवार को एक और उठापटक दिखी, जब वी.के पांडियन ने राजनीति छोड़ने का एलान किया.
उन्होंने कहा, “मेरा राजनीति में आने का एकमात्र मक़सद सिर्फ़ और सिर्फ़ नवीन बाबू की सहायता करना था. अब मैंने तय किया है कि मैं खुद को सक्रिय राजनीति से दूर कर रहा हूं.”
