लखनऊ। आगरा में समाजवादी पार्टी के दलित सम्मेलन से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अखिलेश यादव को दलित सम्मेलन के मंच से घोषणाएं करने से पहले बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के कथित अपमान को लेकर माफी मांगनी चाहिए।
राजभर ने अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि वह आगरा में पीडीए के ‘डी’ यानी दलित सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि सम्मेलन में नई घोषणाएं करने के साथ सपा सरकार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों पर भी जवाब देना चाहिए। राजभर ने सपा सांसद रामजीलाल सुमन के राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश से उनसे हिंदू समाज से माफी मंगवाने की मांग भी की।
जिलों के नाम बदलने को लेकर उठाए सवाल
ओम प्रकाश राजभर ने वर्ष 2012 में सपा सरकार बनने के बाद जिलों के नाम बदले जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि भीम नगर का नाम बदलकर सम्भल, रमाबाई नगर का नाम कानपुर देहात और कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज कर दिया गया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान कांशीराम के नाम से जुड़ी कई योजनाओं को बंद किया गया और बहुजन महापुरुषों के नाम पर बने संस्थानों के नाम भी बदले गए।
राजभर ने लखनऊ के डॉ. भीमराव आंबेडकर हरित पार्क और कन्नौज के आंबेडकर मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को इन फैसलों पर भी अपना पक्ष रखना चाहिए।
पनवारी कांड और इटावा की घटना का किया जिक्र
राजभर ने आगरा के पनवारी कांड का उल्लेख करते हुए सपा शासनकाल पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उस दौरान जाटव समाज की बारात पर हमला हुआ था। दूल्हे के घोड़े पर बैठकर बारात निकालने को लेकर हुए विवाद ने जातीय हिंसा का रूप ले लिया था, जिसमें नौ लोगों की जान गई थी।
उन्होंने इटावा की एक घटना का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के गृह जनपद में दलितों को ट्रैक्टर से कुचलने की घटना हुई थी। राजभर ने कहा कि दलित सम्मेलन में इन घटनाओं पर भी चर्चा होनी चाहिए।
आजम खां की टिप्पणी को लेकर भी साधा निशाना
सुभासपा अध्यक्ष ने आजम खां की ओर से बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में आला हजरत हज हाउस के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव की मौजूदगी में यह टिप्पणी की गई थी, लेकिन उन्होंने इसका विरोध नहीं किया।
राजभर ने शिवपाल यादव के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने आजम खां को गृह मंत्री बनाने की बात कही थी। उन्होंने पूछा कि बाबा साहेब को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले व्यक्ति को गृह मंत्री बनाने की बात किस आधार पर कही गई थी।
अपने बयान के अंत में राजभर ने सपा के आगरा सम्मेलन पर तंज कसते हुए कहा कि जनता को सपा के पुराने कार्यकाल और मौजूदा घोषणाओं के बीच अंतर समझना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव से सम्मेलन के दौरान इन सभी मुद्दों पर जवाब देने की मांग की।
