Homeउत्तर प्रदेशअखिलेश यादव के 'जात' वाले बयान पर ओम प्रकाश राजभर का पलटवार

अखिलेश यादव के ‘जात’ वाले बयान पर ओम प्रकाश राजभर का पलटवार

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर में हुए मंगेश यादव के एनकाउंटर को फर्जी बताया है. उन्होंने कहा कि उसकी जाति देखकर जान ले ली. उनके इस बयान पर सियासत तेज हो गई है. कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उनके इस बयान पर पलटवार किया. राजभर ने कहा कि अगर कोई गोली चलाएगा तो पुलिस उसे माला नहीं पहनाएगी.

ओम प्रकाश राजभर ने कहा अखिलेश यादव के बयान पर निशाना साधा और कहा कि “क्या उत्तर प्रदेश सरकार वहां डकैती डालने गई थी. उस गिरोह में वो था ना. जब पुलिस उसे पकड़ने गई तो उसने फायर किया. अब वो फायरिंग करेगा तो पुलिस उसे माला पहनाए या गोली चलाएगी. अपनी सुरक्षा में पुलिस क्या करेगी? माला लेकर रखे ताकि जब अपराधी गोली चलाएं तो कहे कि गोली मत चलाओ हम माला पहनाने आ रहे हैं.”

राजभर का अखिलेश यादव पर पलटवार
राजभर ने कहा कि “जब वो गोली चला रहा था तो इधर से गोली चली, अब इसमें जाति चीरकर तो गोली नहीं लगी. चार बजे सुबह भागने का क्या मतलब है. क्यों भाग रहा था. जब आपको बता था कि ये हमारी बिरादरी का है उसे मार दिया जाएगा तो उसे सरेंडर करवा देना चाहिए. सजातीय मारा गया है तो फिर उसे सरेंडर करवा देना था.”  फर्जी एनकाउंटर पर उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में नकली एनकाउंटर हुए होंगे इसलिए वो ऐसा कह रहे हैं.

भूपेंद्र चौधरी ने कही ये बात
वहीं यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया और कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता में अपराध और अपराधी में जातीय भेदभाव को देखकर काम नहीं होता, सरकार विधि सम्मत कार्रवाई करती है. जाति सपा के लोग देखते हैं. समाज में टकराव उन्हें पैदा करना है. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा बेहतर क़ानून के राज की है. ये जातिवादी लोग है. समाज में टकराव और द्वंद्व पैदा करना इनका काम रहा है और ये यही करते हैं.

आपको बता दें कि सपा अध्यक्ष ने सुल्तानपुर में ज्वैलर से हुई लूट के आरोपी मंगेश यादव के एनकाउंटर के नकली बताया था. उन्होंने कहा कि जब घटना के मुख्य आरोपी ने सरेंडर कर दिया था तो उससे पूछताछ कर बरामदगी की जा सकती थी. उन्होंने कहा कि मंगेश को उसकी जात देखकर जान ले ली गई.

RELATED ARTICLES

Most Popular