भारत की निशानेबाज़ मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है.कुछ ही दिनों पहले 10 मीटर एयर पिस्टल मुक़ाबले में कांस्य पदक जीतने वाली मनु ने अब मिक्स्ड टीम इवेंट में अपने जोड़ीदार सरबजोत सिंह के साथ कांस्य पदक जीता है.एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली वो पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं.
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में मनु भाकर और सरबजोत सिंह की जोड़ी ने कोरियाई जोड़ीदार ओ ये जिन और ली वून्हो को 16-10 से मात दी. कांस्य पदक वाले इस मैच में मनु भाकर ने शानदार प्रदर्शन किया.
साल 2021 में मनु भाकर ने ‘बीबीसी इमर्जिंग प्लेयर ऑफ़ द ईयर 2020’ अवॉर्ड जीता था. इस सम्मान को हासिल करते हुए उन्होंने अपने इरादे ज़ाहिर किए थे और कहा था कि उन्हें देश के लिए ज़्यादा से ज़्यादा मेडल हासिल करने हैं.
