Homeउत्तर प्रदेशअब घर बैठे बनवा सकेंगे पेंशन का जीवित प्रमाणपत्र, डाकिया घर पहुंचकर...

अब घर बैठे बनवा सकेंगे पेंशन का जीवित प्रमाणपत्र, डाकिया घर पहुंचकर करेगा मदद

पेंशन पाने वाले बुजुर्गों को अब हर साल जीवित प्रमाणपत्र (Life Certificate) जमा करने के लिए कोषागार या संबंधित सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग ने पेंशनभोगियों को घर बैठे डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र बनवाने की सुविधा दी है। इसके तहत डाकिया घर पहुंचकर पेंशनर का जीवित प्रमाणपत्र बनवाने में मदद करेगा।

दरअसल, नवंबर महीने में पेंशन जारी रखने के लिए पेंशनरों को हर साल अपना जीवित प्रमाणपत्र जमा करना होता है। इसके चलते इन दिनों कोषागार और संबंधित कार्यालयों में सुबह से शाम तक बुजुर्गों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई बार भीड़ और इंतजार के कारण बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में डाक विभाग की यह सुविधा उनके लिए राहत देने वाली है।

इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पेंशनभोगी को अपने नजदीकी डाकघर या डाकिया से संपर्क करना होगा। इसके बाद डाकिया पेंशनर के घर पहुंचकर आधार नंबर, मोबाइल नंबर और पेंशन से संबंधित जानकारी लेकर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करेगा। इस सेवा के लिए 70 रुपये शुल्क निर्धारित है। आवेदन के लिए आधार संख्या, मोबाइल नंबर और पेंशन का विवरण देना जरूरी होगा।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद पेंशनर के मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजा जाएगा। इसके बाद डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र जारी किया जाएगा। प्रमाणपत्र की डिजिटल प्रति संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी, जिससे पेंशनर को अलग से कार्यालय जाकर इसे जमा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ऑनलाइन भी बनवा सकते हैं जीवित प्रमाणपत्र

डाक विभाग की इस सुविधा का लाभ केवल डाकिया के माध्यम से ही नहीं, बल्कि ऑनलाइन भी लिया जा सकता है। इसके लिए पोस्ट इन्फो एप और डाक विभाग के पोर्टल की मदद ली जा सकती है। इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की शाखाओं के माध्यम से भी डिजिटल जीवित प्रमाणपत्र बनवाने की सुविधा उपलब्ध है।

इस व्यवस्था का सबसे अधिक फायदा उन बुजुर्ग पेंशनरों को मिलेगा, जिन्हें चलने-फिरने में परेशानी होती है या जो किसी कारण से सरकारी कार्यालय तक नहीं पहुंच सकते। लखनऊ में रहने वाले पेंशनर भी अपने नजदीकी डाकघर या डाक सेवक से संपर्क कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इससे लंबी कतारों में लगने और बार-बार कार्यालय जाने की परेशानी से छुटकारा मिल सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular