Homeउत्तर प्रदेशPM Modi Birthday: काशी में नेताओं ने बाबा विश्वनाथ से की पीएम...

PM Modi Birthday: काशी में नेताओं ने बाबा विश्वनाथ से की पीएम मोदी के लिए प्रार्थना

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को वाराणसी में भाजपा और एनडीए के कई प्रमुख नेता जुटे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।

यह कार्यक्रम 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया गया। मंदिर के अर्चक श्रीकांत शर्मा ने षोडशोपचार विधि से विशेष पूजन संपन्न कराया।

सीएम योगी बोले- गौरव और सौभाग्य का दिन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज हम सभी के लिए गौरव और सौभाग्य का दिन है। भारत के प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर बाबा विश्वनाथ धाम में पूजन-अर्चना कर उनके स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

सीएम योगी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान काशी के पुरोहितों और आचार्यों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही बड़नगर से काशी तक बाइक यात्रा में शामिल होकर पहुंचे बाइकर्स से संवाद किया गया और उन्हें प्रसाद वितरित किया गया। श्री काशी विश्वनाथ धाम में सेवा देने वाले सफाई कर्मचारियों का भी सम्मान किया गया।

17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत देशभर में विभिन्न सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

काशी में इसी क्रम में बाबा विश्वनाथ की विशेष पूजा-अर्चना, बटुकों और तीर्थ पुरोहितों का सम्मान, स्वच्छता प्रहरियों का नागरिक अभिनंदन और बड़नगर से काशी पहुंचे बाइकर्स के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

बटुकों और तीर्थ पुरोहितों का हुआ सम्मान

विशेष पूजन के बाद मंदिर परिसर में मंगलाचरण करने वाले बटुकों और तीर्थ पुरोहितों का सम्मान किया गया। उन्हें अंगवस्त्रम और दक्षिणा प्रदान की गई। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ धाम में स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले स्वच्छता प्रहरियों का भी नागरिक अभिनंदन किया गया।

स्वच्छता प्रहरियों को प्रसाद, अंगवस्त्रम और दक्षिणा भेंट की गई। सम्मान और प्रसाद की सामग्री पर्यावरण अनुकूल जूट के झोलों में वितरित की गई।

राजनाथ सिंह बोले- आजीवन स्वस्थ रहें प्रधानमंत्री

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर काशी में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आजीवन स्वस्थ रहने की कामना की, ताकि देश विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ता रहे।

चंद्रबाबू नायडू ने बताया ऐतिहासिक दिन

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाना खुशी और गर्व की बात है।

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गर्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

बड़नगर से काशी पहुंचे बाइकर्स से संवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बड़नगर से काशी तक निकाली गई बाइक यात्रा में शामिल बाइकर्स भी वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनसे संवाद किया। इस दौरान बाइकर्स को प्रसाद भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम में सेवा संकल्प यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक बीडी शर्मा, बनारस यात्रा के संयोजक जेपीएस राठौर समेत भाजपा और एनडीए से जुड़े कई अन्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular