रिपोर्ट : न्यूज डेस्क, दिल्ली
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को 23वें ASEAN-India Summit और 21वें East Asia Summit में शामिल होने के लिए मनीला रवाना हुए। इस दौरान भारत और ASEAN देशों के बीच व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, तकनीक और रक्षा सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि ASEAN देशों के साथ भारत के संबंध देश की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के केंद्र में हैं।
मनीला रवाना होने से पहले जारी बयान में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ASEAN के संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हैं। समय के साथ यह साझेदारी कई क्षेत्रों में मजबूत हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिखर सम्मेलन में क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाने के नए रास्तों पर चर्चा होगी।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति और सुरक्षा पर होगी चर्चा
प्रधानमंत्री ने कहा कि ईस्ट एशिया समिट क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर विचार-विमर्श का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें शामिल होने वाले नेताओं के साथ वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा करेंगे। बदलते भू-राजनीतिक हालात के बीच समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता भी बैठक के अहम मुद्दे रहेंगे।
क्वाड नेताओं के साथ भी बैठक की तैयारी
इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका के नेताओं के साथ क्वाड से जुड़ी बैठक में भी हिस्सा ले सकते हैं। इसके अलावा कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में व्यापार, निवेश, समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय चुनौतियों पर बातचीत होने की संभावना है।
भारत-ASEAN के बीच 122 अरब डॉलर का कारोबार
विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन के मुताबिक, भारत और ASEAN सदस्य देशों के बीच सालाना व्यापार करीब 122 अरब डॉलर का है। 11 सदस्यीय ASEAN समूह क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारत इस साझेदारी को निवेश, कनेक्टिविटी और रक्षा सहयोग के क्षेत्रों में और विस्तार देना चाहता है।
रक्षा तकनीक और समुद्री सहयोग बढ़ाने पर जोर
भारत ASEAN देशों के साथ रक्षा सहयोग को भी मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। इसमें गश्ती जहाज, रडार, एयर डिफेंस सिस्टम, हेलीकॉप्टर और ड्रोन जैसी रक्षा तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं शामिल हैं। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ASEAN रक्षा मंत्रियों की बैठक में आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख और ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया था।
चीन-फिलीपींस तनाव के बीच क्वाड बैठक अहम
मनीला में होने वाली बैठकों का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस के बीच तनाव बना हुआ है। भारत हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्वतंत्र, खुले और समावेशी व्यवस्था का समर्थन करता रहा है। ऐसे में क्षेत्रीय सुरक्षा, सभी देशों की संप्रभुता और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर चर्चा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
