रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा
कानपुर, निर्वाचित राज्यसभा सांसद भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश पाल ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडी गठबंधन पर निशाना साधा।
कानपुर के नवीन मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रकाश पाल ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अपनी पुरानी राजनीतिक छवि से बचने के लिए PDA का सहारा ले रही है।
उन्होंने अखिलेश यादव के राजनीतिक दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का साहस नहीं दिखाने वाली सपा 403 विधानसभा सीटों पर जीत की बात कर रही है।
प्रेस वार्ता की शुरुआत में प्रकाश पाल ने शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कानपुर की धरती से वर्ष 1980 में स्वयंसेवक के रूप में उनका जुड़ाव शुरू हुआ और 1988 में संघ प्रचारक के रूप में उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि कानपुर ने उन्हें संगठन, राष्ट्रसेवा और जनसेवा की प्रेरणा दी है। उनका संकल्प राष्ट्रहित और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करना है।
PDA को लेकर सपा पर साधा निशाना
प्रकाश पाल ने कहा कि सपा अपनी पुरानी छवि से बचने के लिए PDA के नाम का सहारा ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के बयानों और राजनीतिक दावों में काफी अंतर है। उनके मुताबिक, जनता राजनीतिक दलों के दावों और उनके वास्तविक आचरण के बीच अंतर को समझती है।
उन्होंने तथाकथित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि ऐसे राजनीतिक प्रयोग लोकतंत्र का मजाक बनाने का काम करते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसे समूहों की आड़ में इंडी गठबंधन राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रहा है।
संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान पर दिया जोर
भाजपा सांसद ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता कमजोर करने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।
राहुल गांधी पर भी लगाए आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए प्रकाश पाल ने आंदोलन के दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके तौर-तरीकों से देश में अस्थिरता का माहौल बन सकता है। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि ऐसी गतिविधियों से विदेशी शक्तियों को लाभ मिल सकता है।
राष्ट्रहित और विकास के आधार पर फैसले लेती है जनता
प्रकाश पाल ने कहा कि देश का युवा जागरूक है और राजनीतिक दलों के बयानों, आचरण तथा उनकी मंशा पर नजर रखता है। लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है, जो राष्ट्रहित, विकास और स्थिरता जैसे मुद्दों के आधार पर अपना मत निर्धारित करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ जनता के बीच लगातार काम करते रहेंगे
प्रेस वार्ता में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, शिवराम सिंह और जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
