Homeउत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए तैयारी पूरी, जिलाधिकारी...

ग्रेटर नोएडा में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए तैयारी पूरी, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

ग्रेटर नोएडा: जिले के नॉलेज पार्क स्थित IIMT College में गुरुवार को यूपी बोर्ड की दसवीं और बारहवीं परीक्षा 2026 की तैयारियों को लेकर अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी मेधा रूपम ने की। इसमें पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी, साथ ही 60 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट शामिल हुए।

स्ट्रांग रूम और सुरक्षा पर खास ध्यान

जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर स्ट्रांग रूम तैयार करने के निर्देश दिए। इन कमरों में प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखा जाएगा और 24 घंटे CCTV निगरानी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

डबल लॉक व्यवस्था:
स्ट्रांग रूम में रखी चार डबल लॉक अलमारियों को नियम के अनुसार खोला और बंद किया जाएगा। परीक्षा के दिन प्रश्न पत्र के लिफाफे केवल केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ही खोले जाएंगे।

परीक्षा केंद्रों पर सुविधाएं

डीएम मेधा रूपम ने केंद्रों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, छात्रों के लिए पीने के पानी, प्राथमिक उपचार और साफ-सुथरे शौचालय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, पुलिस को परीक्षा के दौरान शांति बनाए रखने और भीड़ या अव्यवस्था रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करने के आदेश दिए गए।

42 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं देंगे परीक्षा

जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के अनुसार, जिले में कुल 42,917 छात्र-छात्राएं यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में शामिल होंगे। 60 परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं, जिसमें प्रश्न पत्र सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और निगरानी शामिल है।

निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा पर जोर

बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी। नकल या किसी भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular