रिपोर्ट: अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र के किल्लामपुर गांव में जेसीबी मशीन से खेत में नाला खोदकर गेहूं की फसल नष्ट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने कुछ लोगों पर दबंगई के बल पर खेत में खुदाई कराने और फसल को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में महिला ने थाने में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, किल्लामपुर निवासी रामजानकी पत्नी प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी सास जगदीश श्री के नाम मौजा ग्राम भारामल कटरा क्षेत्र में करीब 12 बीघा कृषि भूमि दर्ज है। इस जमीन के खसरा नंबर 274, 298 और 316 हैं। महिला के अनुसार, उनके पति काफी समय से बीमार चल रहे हैं और उनका इलाज इटावा में कराया जा रहा है।

पीड़िता का आरोप है कि पति की बीमारी का फायदा उठाकर सुल्तानपुर निवासी शरद उर्फ टुन्नी ने अन्य लोगों के साथ मिलकर जेसीबी मशीन से उनके खेत में नाला खुदवा दिया। आरोप है कि 9 नवंबर 2026 की रात करीब दो बजे खेत में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाते हुए बड़े आकार का नाला खोद दिया गया। इससे फसल नष्ट हो गई और परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
महिला ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, खेत में अवैध रूप से नाला खोदने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और फसल के नुकसान का न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पीड़िता की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।
