Homeउत्तर प्रदेशआजमगढ़ में सपा कार्यकर्ता की पिटाई पर राजभर का अखिलेश पर हमला,...

आजमगढ़ में सपा कार्यकर्ता की पिटाई पर राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- यादव समाज सब देख रहा

न्यूज़ डेस्क, लखनऊ

सुभासपा अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आजमगढ़ में सपा बूथ अध्यक्ष राहुल यादव की कथित पिटाई के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। राजभर ने सपा नेतृत्व पर अपने ही जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

सोशल मीडिया पर भोजपुरी में किए गए पोस्ट में राजभर ने आरोप लगाया कि राहुल यादव की गलती केवल इतनी थी कि उन्होंने सपा विधायक नफीस अहमद के बजाय पार्टी के किसी अन्य नेता का समर्थन किया। राजभर का दावा है कि इसी वजह से उन्हें दिनदहाड़े पिटवाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि घटना के बावजूद अखिलेश यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं आई।

राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव मुस्लिम नेताओं के प्रति अपने झुकाव के चलते सही और गलत का अंतर भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन यादव कार्यकर्ताओं को सपा लंबे समय से अपना मजबूत आधार मानती रही है, आज उन्हीं के सम्मान और सुरक्षा की अनदेखी की जा रही है।

सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक कार्यकर्ता की कथित पिटाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे पार्टी में जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी स्थिति पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि जब बूथ अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार होने का आरोप लग रहा है, तो सामान्य कार्यकर्ताओं की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

राजभर ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि यादव समाज इन घटनाओं को देख रहा है और चुनाव में इसका जवाब देगा। उन्होंने खास तौर पर आजमगढ़ के यादव समाज का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का हिसाब चुनाव में होगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular