Homeउत्तर प्रदेशरक्षाबंधन पर निशुल्क बस यात्रा का लाभ, पहले दिन 9.26 लाख यात्रियों...

रक्षाबंधन पर निशुल्क बस यात्रा का लाभ, पहले दिन 9.26 लाख यात्रियों ने किया सफर

रिपोर्ट- गोविंद कश्यप

 रक्षाबंधन के पर्व पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं और बहनों को दी गई निशुल्क बस यात्रा की सुविधा का पहले ही दिन बड़ी संख्या में यात्रियों ने लाभ उठाया।

27 अगस्त से शुरू हुई इस सुविधा के तहत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में 6.03 लाख से अधिक महिलाओं ने निशुल्क सफर किया। वहीं, उनके साथ यात्रा करने वाले 3.22 लाख से अधिक सहयात्रियों को भी बिना किराए के यात्रा की सुविधा मिली। इस तरह पहले दिन कुल 9.26 लाख से अधिक यात्रियों ने निशुल्क सफर किया। परिवहन निगम के अनुसार, इस यात्रा की कुल अनुमानित कीमत 9.06 करोड़ रुपये से अधिक है।

यूपीएसआरटीसी के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें सुरक्षित व सुगम यात्रा उपलब्ध कराई जा सके, इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारी और कर्मचारी लगातार सक्रिय हैं। यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसों का संचालन भी किया गया है। बसों के संचालन और यात्रियों की सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

मुरादाबाद में सबसे ज्यादा यात्रियों ने उठाया लाभ

पहले दिन महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले सहयात्रियों की कुल संख्या के मामले में मुरादाबाद क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां 62,586 महिलाओं और 32,203 सहयात्रियों समेत कुल 94,789 यात्रियों ने निशुल्क यात्रा की।

इसके बाद हरदोई में 82,920, गोरखपुर में 68,152, लखनऊ में 64,590 और बरेली में 58,309 यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। इन पांच क्षेत्रों में ही करीब 3.69 लाख यात्रियों ने निशुल्क सफर किया।

यात्रियों ने सरकार के कदम की सराहना की

रक्षाबंधन पर निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं और उनके साथ सफर करने वाले यात्रियों में खुशी का माहौल रहा। यात्रियों का कहना है कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं। ऐसे में निशुल्क बस यात्रा से परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है।

यात्रियों ने अतिरिक्त बसों के संचालन की भी सराहना की। उनका कहना है कि इससे भीड़ के बावजूद घर पहुंचने में सहूलियत मिली।

पारदर्शिता के लिए औचक निरीक्षण

निशुल्क यात्रा की व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और पात्र यात्रियों तक सुविधा पहुंचाने के लिए परिवहन निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण भी करेंगी। इस दौरान बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था के साथ यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular