लखनऊ, 25 अप्रैल। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित तीन दिवसीय रश्मिरथी पर्व के दूसरे दिन स्वामी विवेकानंद के जीवन, विचारों और उनके योगदान पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, साहित्य प्रेमियों और बुद्धिजीवियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” से हुई। इसके बाद उनके जीवन पर आधारित लगभग 90 मिनट का नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उनके संघर्ष, तपस्या और शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।
इस अवसर पर आयोजित परिसंवाद में वक्ताओं ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति, आत्मगौरव और आध्यात्मिक चेतना को वैश्विक पहचान दिलाई। उनके विचार आज भी युवाओं को आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में ‘पानी पंचायत’ पुस्तक का विमोचन किया गया। इस मौके पर जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
समारोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, डॉ. महेंद्र सिंह, डॉ. सिद्धार्थ शंकर, डॉ. नीरज सिंह, राजेंद्र सिंह और आनंद द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
