Homeउत्तर प्रदेशकच्ची छत ढहने से मजदूर परिवार का सामान दबा, 40 हजार का...

कच्ची छत ढहने से मजदूर परिवार का सामान दबा, 40 हजार का नुकसान

रिपोर्ट – अमित शुक्ला 

ऐरवा कटरा। विकासखंड क्षेत्र के बरौनाकलां गांव में रिमझिम बारिश के बीच एक मजदूर परिवार के कच्चे मकान की छत अचानक ढह गई। हादसे में भूसा, गेहूं, गैस सिलेंडर, कपड़े, खाद्य सामग्री समेत गृहस्थी का अन्य सामान मलबे में दब गया। घटना में परिवार को करीब 40 हजार  रुपये का नुकसान हुआ है।

बरौनाकलां निवासी स्वर्गीय सुरेश चंद्र की पत्नी संतोषी देवी अपने बेटे मोनू (25) और 15 वर्षीय बेटी के साथ कच्चे मकान में रहती हैं। परिवार मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। बारिश के दौरान मिट्टी की कच्ची छत ढहने से मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।

घटना की सूचना पर बिधूना तहसील से बरौनाकलां के लेखपाल धर्मवीर मौके पर पहुंचे और मकान का निरीक्षण कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार की। राजस्व विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गृहस्थी के सामान की करीब 40 हजार रुपये की क्षति हुई है। विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया गया है।

पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षित आवास और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिवार का कहना है कि मकान काफी जर्जर हो चुका है और शेष हिस्सा भी कभी गिर सकता है। बारिश के मौसम में उन्हें सुरक्षित छत की तत्काल जरूरत है।

RELATED ARTICLES

Most Popular