रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय हो गई है। दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में शादी के बंधन में बंधेंगे। दोनों परिवारों की सहमति से तारीख और आयोजन स्थल तय किया गया है। शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
शादी समारोह में परिवार के सदस्यों के अलावा करीबी रिश्तेदार और क्रिकेट, राजनीति समेत अन्य क्षेत्रों से जुड़े खास मेहमानों के शामिल होने की उम्मीद है। रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम और आईपीएल में अपनी पहचान बना चुके हैं, जबकि प्रिया सरोज उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं।
8 जून 2025 को हुई थी सगाई
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी। समारोह में क्रिकेट और राजनीति जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं। रिपोर्टों के मुताबिक, सगाई समारोह में करीब 300 मेहमान पहुंचे थे।
सगाई के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई थी। समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहे थे। सगाई में सपा प्रमुख अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला समेत कई मेहमान शामिल हुए थे।
पहले तय हो चुकी थी शादी की दूसरी तारीख
जून 2025 में आई रिपोर्टों में दोनों की शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी में होने की जानकारी दी गई थी। बाद में शादी की तारीख और स्थान में बदलाव हुआ। अब दोनों परिवारों ने 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में शादी का आयोजन तय किया है।
प्रिया सरोज मछलीशहर से सांसद
प्रिया सरोज ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की मछलीशहर सीट से जीत दर्ज की थी। वह सपा नेता तूफानी सरोज की बेटी हैं। वहीं रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का प्रतिनिधित्व करते हैं।
दोनों की शादी को लेकर अब परिवारों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। दिसंबर में लखनऊ में होने वाले समारोह में क्रिकेट और राजनीति से जुड़े कई मेहमानों के पहुंचने की संभावना है।
