आरा: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के विधायक भाई वीरेंद्र ने यूजीसी के नए इक्विटी रेगुलेशन 2026 के विरोध पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी निर्णय लिया गया है, उसे लागू किया जाना चाहिए।
भाई वीरेंद्र ने कहा, “इसका विरोध वही लोग कर रहे हैं जो समाज के विरोधी हैं और नहीं चाहते कि गरीब, दलित और वंचित तबके के बच्चे आगे बढ़ें। सामाजिक न्याय की धारा को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। यूजीसी का विरोध किसी भी रूप में उचित नहीं है।”
तेजस्वी यादव की जिम्मेदारी पर भी जताई राय
आरजेडी विधायक ने पार्टी में तेजस्वी यादव को दी गई नई जिम्मेदारी पर कहा कि उनका कार्यकारी अध्यक्ष बनना राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सहमति से संभव हुआ है। भाई वीरेंद्र ने तेजस्वी यादव को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में आरजेडी बिहार में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी।
बिहार में कानून-व्यवस्था पर चिंता
मनेर विधायक ने राज्य में बढ़ते अपराध और असुरक्षा की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “हर वर्ग- चाहे वह किसान, मजदूर, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, पुरुष, पत्रकार या नेता हो, खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। यह हालात तथाकथित ‘जंगलराज’ के रिकॉर्ड को भी पार कर चुके हैं। न्यायपालिका को बिहार की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करना चाहिए।”
उपमुख्यमंत्री के बयान पर आपत्ति
भाई वीरेंद्र ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पुलिस को लेकर बयान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “हथियार चलाने की बात कहकर पुलिस को धमकाने जैसा माहौल बनाया जा रहा है। एनकाउंटर कार्रवाई चुनिंदा समाज और जाति के खिलाफ हो रही है, जबकि अन्य को संरक्षण मिल रहा है।”
सीएम की समृद्धि यात्रा पर तंज
भाई वीरेंद्र ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल पदाधिकारियों को साथ लेकर घूमने तक सीमित है, ताकि जनता को संदेश दिया जा सके। यह टिप्पणी उन्होंने भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड के धनडीहा गांव में शिक्षाविद स्व. राम बल्लभ प्रसाद सिंह की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर की।
