नई दिल्ली, 4 फरवरी 2026: संसद परिसर में आज बुधवार को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बीच तीखा विवाद देखने को मिला। विवाद उस समय शुरू हुआ जब राहुल गांधी ने बिट्टू को “गद्दार दोस्त” कहा। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने पलटकर राहुल गांधी को देश का दुश्मन बताया।
बिट्टू ने इस दौरान कांग्रेस और गांधी परिवार पर भी निशाना साधा, उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब में आग फैलाई और हजारों सिखों को निशाना बनाया। बिट्टू ने 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी बहन और मां की हत्या करवाई गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके दादाजी, सरदार बेअंत सिंह, को तकलीफ थी कि अगर राजीव गांधी को शहीद कहा जाएगा तो उनके नाम के साथ शहीद-ए-आजम सरदार बेअंत सिंह का नाम भी लिया जाना चाहिए।
बिट्टू का राहुल गांधी पर हमला
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “राहुल खुद को क्या समझते हैं? उन्होंने मेरी तरफ ऐसे हाथ बढ़ाया जैसे वह कोई बादशाह हों। वह खुद को इस देश और दुनिया का मालिक समझते हैं। मैं शायद गांधी परिवार से नहीं हूं, लेकिन मेरे सिर पर पगड़ी है। इसलिए जब उन्होंने हाथ मिलाने की पेशकश की, तो मैंने साफ़ कहा कि आप लोग देश के गद्दार हैं, देश के दुश्मन हैं जो रोज़ सेना और देश के खिलाफ बोलते हैं। गांधी परिवार सिखों का कातिल है, मैं उस परिवार के बेटे से हाथ नहीं मिलाऊंगा।”
बिट्टू ने कहा कि बीजेपी में रहते हुए भी उन्हें राहुल गांधी के व्यवहार से तकलीफ हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह व्यक्तिगत मुद्दा नहीं है, बल्कि देश और परिवार की मर्यादा और इतिहास की बात है।
मौके पर हंगामे के बाद संसद परिसर में तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। सांसदों और अधिकारियों ने मामले को काबू में लाने की कोशिश की।
