यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध को समाप्त करने की चर्चाओं के बीच, एक नई घटना सामने आई है कि रूस ने यूक्रेन के परमाणु पावर प्लांट, चेर्नोबिल पर हमला किया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने बताया कि एक रूसी ड्रोन हमले ने चेर्नोबिल के क्षतिग्रस्त रिएक्टर पर स्थित रेडिएशन शेल्टर को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि रात के समय हुए इस हमले के कारण आग लग गई थी, जिसे अब बुझा लिया गया है।
ज़ेलेंस्की ने आगे बताया कि शुक्रवार सुबह तक पावर प्लांट के रेडिएशन स्तर में कोई वृद्धि नहीं देखी गई थी।अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने जानकारी दी कि विस्फोट के कुछ ही मिनटों बाद अग्निशमन कर्मी और वाहन घटनास्थल पर पहुंच गए थे। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
रूस और यूक्रेन के बीच फरवरी 2022 में युद्ध की शुरुआत हुई थी, जिसके बाद से अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ रूस का तनाव बढ़ गया। हालांकि, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में यह दावा किया कि उन्होंने इस युद्ध को समाप्त करने के लिए पहल की है।
