अमेरिकी स्कूल शिक्षक मार्क फ़ोगल को रूस की जेल से रिहा कर दिया गया. इसके बाद, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मार्क फ़ोगल का स्वागत किया.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि व्लादिमीर पुतिन को इसके बदले में ‘बहुत ज़्यादा’ नहीं मिला. ट्रंप ने कहा कि एक और बंधक को बुधवार को रिहा किया जाएगा. हालांकि, उन्होंने उनका नाम नहीं बताया.
63 वर्षीय मार्क फ़ोगल पूर्व डिप्लोमेट हैं, जो मंगलवार को देर शाम वॉशिंगटन डीसी पहुंचे.अमेरिका के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइज़र माइक वॉल्ट्ज़ ने पहले बताया था कि अमेरिकी शिक्षक मार्क फ़ोगल की रिहाई रूस के साथ हुए एक समझौते के तहत होने वाले आदान प्रदान का हिस्सा है.
मार्क फ़ोगल ने कहा, “मुझे फ़िलहाल ऐसा महसूस हो रहा है, जैसे मैं दुनिया का सबसे सौभाग्यशाली इंसान हूं. मैं एक मध्यम वर्गीय स्कूल शिक्षक हूं, जो अब एक सपनों की दुनिया में है.”
रूस के साथ क़ैदियों को लेकर हुए समझौते पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “यह बहुत न्यायपूर्ण और वाजिब रहा. कल भी किसी को रिहा किया जाएगा.”
मार्क फ़ोगल को साल 2021 में रूस के एक एयरपोर्ट से गिरफ़्तार किया गया था. उनके पास थोड़ी मात्रा में मारिजुआना मिला था. उनको 14 साल जेल की सज़ा दी गई थी.
बीबीसी के अमेरिकी न्यूज़ पार्टनर सीबीएस ने मार्क फ़ोगल की पत्नी जेन और उनके बच्चे एथन और सैम के हवाले से बताया, “यह हमारे जीवन का सबसे दर्दनाक दौर रहा है, मगर आज से हमने उबरना शुरू किया है.”
