भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिकी चुनावी नतीजों पर कहा कि भारत इसे लेकर नर्वस नहीं है. डॉ. एस जयशंकर रविवार की शाम मुंबई में आदित्य बिरला ग्रुप के स्कॉलरशिप प्रोग्राम के सिल्वर जुबली समारोह में शामिल हुए.उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया. अपने संबोधन के बाद उन्होंने कुछ सवालों के जवाब भी दिए.
उनसे अमेरिकी चुनावी नतीजों पर भी सवाल किया गया. जयशंकर से पूछा गया, “आप अमेरिकी चुनाव के नतीजों को भारत और अमेरिका संबंधों के नज़रिए से कैसे देखते हैं. ख़ास तौर पर प्रधानमंत्री मोदी की ट्रंप को दी गई बधाई और दोनों के बीच संबंधों को लेकर?”
इस पर जयशंकर ने कहा, “प्रधानमंत्री उन पहले तीन लोगों में शामिल थे जिनका फोन नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उठाया था. प्रधानमंत्री के अपने कार्यकाल में सभी राष्ट्रपतियों के साथ अच्छे संबंध रहे हैं. चाहे वह ओबामा रहे हों, उसके बाद ट्रंप रहे हों और उसके बाद बाइडन.”
विदेश मंत्री ने कहा, “इस स्थिति ने काफ़ी सहायता की है. भारत में हो रहे बदलावों से भी से भी मदद मिली है. मैं जानता हूं कि दुनिया के बहुत से देश अमेरिका को लेकर घबराहट की स्थिति में हैं, लेकिन मैं साफ़ कर दूं कि भारत उनमें से एक नहीं है.”
