Homeउत्तर प्रदेशगोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड पर बवाल, शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन;...

गोंडा में विनोद साहनी हत्याकांड पर बवाल, शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन; संजय निषाद ने SP से जताई नाराजगी

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

उत्तर प्रदेश के गोंडा में कारोबारी विनोद साहनी की हत्या के बाद शुक्रवार को मामला और गरमा गया। मृतक के परिजन शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस फोर्स की तैनाती को देखकर वह नाराज हो गए और एसपी अभिषेक झा से सवाल किए।

एसपी अभिषेक झा बुके लेकर मंत्री का स्वागत करने पहुंचे थे। इस दौरान संजय निषाद ने मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इतनी फोर्स प्रदर्शन स्थल पर लगाने के बजाय आरोपियों के घरों पर तैनात की जानी चाहिए, ताकि वहां किसी तरह की आगजनी या हिंसा न हो।

पुलिस फोर्स की तैनाती पर भड़के संजय निषाद

संजय निषाद ने एसपी से कहा कि इतनी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को यहां क्यों लगाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की छवि खराब नहीं होनी चाहिए। मंत्री का कहना था कि प्रदर्शन कर रहे परिजनों के बीच इतनी पुलिस लगाने के बजाय आरोपियों के घरों की सुरक्षा बढ़ाई जाए।

इसके बाद संजय निषाद कार्यकर्ताओं के साथ सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट तक करीब एक किलोमीटर पैदल पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद मंत्री धरने पर बैठ गए।

मामले की जानकारी मिलने पर डीएम प्रियंका निरंजन मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सड़क पर बैठकर मंत्री की बातें सुनीं और परिवार की मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया।

शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन

विनोद साहनी के परिजन शुक्रवार सुबह करीब सात बजे से शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। चचरी-परसपुर रोड पर करीब एक हजार लोगों की भीड़ जुटी है। आसपास के घरों की छतों पर भी बड़ी संख्या में लोग नजर आए।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच झड़प की स्थिति भी बनी। मृतक की बेटी ने पुलिस से सवाल किया कि हत्या के समय पुलिस कहां थी। स्थिति को देखते हुए पांच थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई है।

डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि परिवार की मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

अखिलेश यादव ने मृतक के बेटे से फोन पर की बात

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मृतक के बेटे राजा साहनी से फोन पर बात की। उन्होंने परिवार को भरोसा देते हुए कहा कि हिम्मत रखो, हम लोग तुम्हारे साथ हैं। फोन पर बातचीत के दौरान राजा साहनी भावुक हो गए।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज को निशाना बनाया जा रहा है और कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो पीडीए समाज अपनी लड़ाई खुद लड़ने के लिए मजबूर होगा।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे विनोद

परसपुर के रेक्सडिया गांव निवासी विनोद कुमार साहनी बर्तन कारोबारी थे। बुधवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में 8 से 10 लोगों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट की।

हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले परसपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ के केजीएमयू रेफर कर दिया।

गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे इलाज के दौरान विनोद की मौत हो गई। इसके बाद से ही परिवार और समर्थकों में आक्रोश है।

केजीएमयू में भी धरने पर बैठे थे संजय निषाद

विनोद की मौत की जानकारी मिलने के बाद संजय निषाद केजीएमयू पहुंचे थे। वहां उन्होंने धरना देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इस दौरान बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी भी उनके साथ मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, शुक्रवार को परिवार के सड़क पर प्रदर्शन और संजय निषाद के धरने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular