लखनऊ के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित चिल्लावां गांव जाने वाले मुख्य मार्ग पर अवैध कट बंद किए जाने के विरोध में हुए प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।
इस प्रकरण में सरोजनी नगर थाने के उपनिरीक्षक अवनीश वर्मा की तहरीर पर तीन नामजद सहित करीब 20-25 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना 9 अप्रैल 2026 की बताई जा रही है, जब यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर फर्रुखाबाद-चिल्लावां मार्ग के पास अंग्रेजी मॉडल शॉप के सामने लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर पर बने अवैध कट को क्रेन की मदद से बंद कर दिया।
इस कार्रवाई से नाराज स्थानीय लोग और व्यापारी उसी दिन शाम करीब 6 बजे हाईवे पर उतर आए और सड़क जाम कर दी। अचानक हुए इस प्रदर्शन से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अवनीश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात पुलिस की मदद से प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने और नारेबाजी करते हुए मार्ग अवरुद्ध रखा।
पुलिस के अनुसार, एमसी तिवारी, राकेश (किराना स्टोर संचालक) और बृजेंद्र शर्मा उर्फ पप्पू सहित अन्य लोगों ने मिलकर जाम लगाया और आवागमन बाधित किया। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया।
पुलिस का कहना है कि संबंधित अवैध कट के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे थे और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती थी। इसी को देखते हुए इसे बंद करने की कार्रवाई की गई थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
