Homeउत्तर प्रदेशसेवा संकल्प अभियान को लेकर योगी सरकार की बड़ी तैयारी, 25 सितंबर...

सेवा संकल्प अभियान को लेकर योगी सरकार की बड़ी तैयारी, 25 सितंबर से चलेगा विशेष सफाई अभियान

उत्तर प्रदेश में स्वच्छता, जनसेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार सेवा संकल्प अभियान एवं जन सेवा पर्व आयोजित करने जा रही है।

अभियान की तैयारियों को लेकर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में लखनऊ के संगम भवन में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अंतरविभागीय बैठक हुई। बैठक में अभियान को प्रभावी बनाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

 हर विभाग में नोडल अधिकारी की तैनाती

मंत्री एके शर्मा ने सभी विभागों को अपने यहां एक नोडल अधिकारी नामित करने  के निर्देश दिए। साथ ही नोडल अधिकारी का मोबाइल नंबर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया, ताकि अभियान के दौरान विभागों के बीच समन्वय बेहतर हो और लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके।

सभी नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों को अपने उपलब्ध सभागार और अन्य संसाधन एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। **15 सितंबर से पहले सभी पार्षदों की बैठक** आयोजित कर उन्हें अभियान की जानकारी देने को भी कहा गया है।

 डिजिटल बोर्ड और सेवा सेतु कैंप से होगा प्रचार

नगर निकायों में लगे डिजिटल बोर्ड पर संस्कृति विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए वीडियो चलाए जाएंगे। इनके जरिए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

जहां नगर निकायों और ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी हैं, वहां भी योजनाओं का प्रचार किया जाएगा। इसके अलावा सेवा सेतु के तहत कैंप लगाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने** की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलन और भवनों की सजावट

प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना समेत अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इसके साथ ही स्कूल, कॉलेज, बड़े अस्पताल और प्रमुख सरकारी एवं सार्वजनिक भवनों को प्रकाश व्यवस्था से सजाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी कार्यालयों को स्वच्छ और सुंदर रखने पर भी जोर दिया गया है।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विशेष सफाई अभियान

बैठक में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक लगातार विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। वाराणसी से वडनगर, गुजरात तक प्रस्तावित यात्रा के मार्ग में आने वाले जिलों में विशेष साफ-सफाई कर प्रमुख स्थानों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा।

सभी विभाग और स्थानीय निकाय अपने सफाई अभियानों की **डिजिटल रिकॉर्डिंग कर सोशल मीडिया पर प्रचारित** करेंगे, ताकि स्वच्छता को लेकर लोगों में जागरूकता और भागीदारी बढ़ाई जा सके।

 बिजली व्यवस्था पर भी रहेगी नजर

मंत्री ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं और अधीक्षण अभियंताओं को अन्य विभागों के साथ समन्वय कर बिजली से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही **स्ट्रीट लाइटों की नियमित निगरानी** करने और दिन में अनावश्यक रूप से स्ट्रीट लाइटें चालू न रखने के निर्देश भी दिए गए।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular