Homeउत्तर प्रदेशएसजीपीजीआई में शुरू होंगे छह नए सुपर स्पेशियलिटी कोर्स, MBBS के बाद...

एसजीपीजीआई में शुरू होंगे छह नए सुपर स्पेशियलिटी कोर्स, MBBS के बाद सीधे MCH में मिलेगा दाखिला

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। मेडिकल की पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) में अब छह नए सुपर स्पेशियलिटी कोर्स शुरू किए जाएंगे। नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने संस्थान को डीएम और एमसीएच के छह नए पाठ्यक्रमों की मान्यता दे दी है। खास बात यह है कि अब कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी (सीवीटीएस) में एमबीबीएस के बाद एमएस करने की अनिवार्यता नहीं होगी। विद्यार्थी सीधे छह वर्षीय एमसीएच कोर्स में प्रवेश ले सकेंगे।

संस्थान के निदेशक प्रो. आरके धीमन के मुताबिक, नए पाठ्यक्रमों में हेमेटोपैथोलॉजी, मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन और पेन मेडिसिन में तीन वर्षीय डीएम कोर्स शामिल हैं। वहीं, रेडियोथेरेपी एंड ऑन्कोलॉजी, कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी और पीडियाट्रिक यूरोलॉजी में छह वर्षीय कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।

हेमेटोपैथोलॉजी में विशेषज्ञ तैयार करेगा संस्थान

एसजीपीजीआई उत्तर प्रदेश का पहला संस्थान होगा, जहां हेमेटोपैथोलॉजी में डीएम कोर्स शुरू किया जाएगा। इसके जरिए थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और एप्लास्टिक एनीमिया जैसी गंभीर रक्त संबंधी बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार होंगे। इससे इन बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन का देश का पहला डीएम कोर्स

संस्थान में मैटरनल एंड फीटल मेडिसिन का तीन वर्षीय डीएम कोर्स भी शुरू होगा। इसमें गर्भस्थ शिशु को एक मरीज के रूप में देखते हुए उसकी जांच, उपचार और मां की जटिल स्वास्थ्य समस्याओं के प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे मातृ मृत्यु दर, मृत जन्म और नवजात मृत्यु दर कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

क्रोनिक दर्द के इलाज में मिलेगी विशेषज्ञता

पेन मेडिसिन के डीएम कोर्स में पुराने और लंबे समय तक रहने वाले दर्द के उपचार की पढ़ाई होगी। इसमें दवाओं के साथ आधुनिक चिकित्सा प्रक्रियाओं के जरिए दर्द प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, सीवीटीएस में देश का पहला छह वर्षीय एमसीएच कार्यक्रम शुरू होगा, जिसमें एमबीबीएस के बाद सीधे प्रवेश का रास्ता खुलेगा।

इसके अलावा पीडियाट्रिक यूरोलॉजी में एमसीएच कोर्स को भी मंजूरी मिली है। इससे बच्चों में मूत्र संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार होंगे। एसजीपीजीआई में पहले से ही देश का पहला समर्पित पीडियाट्रिक यूरोलॉजी विभाग स्थापित है।

RELATED ARTICLES

Most Popular