वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने हाल ही में दर्ज यौन शोषण मामले के बीच कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस उन्हें अरेस्ट करने के लिए कार्रवाई करती है, तो भी वह उसका विरोध नहीं करेंगे और पूरी तरह सहयोग करेंगे।
शंकराचार्य ने जोर देकर कहा, “जनता सब देख रही है। झूठ आखिरकार सामने आ ही जाता है। कहानी झूठी साबित होगी, आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों।”
CCTV और केस से जुड़े तथ्य
-
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बताया कि प्रयागराज में हर जगह CCTV कैमरे लगे हैं, ताकि वे वॉर रूम से मॉनिटर कर सकें और रिकॉर्डिंग उपलब्ध रहे।
-
उनके अनुसार, जिन लड़कों ने आरोप लगाए हैं, वे कभी उनके गुरुकुल में नहीं आए और उनका उनके साथ कोई संबंध नहीं है। वे हरदोई के एक स्कूल के स्टूडेंट हैं, जैसा कि केस में जमा मार्कशीट से स्पष्ट है।
सीडी को लेकर उठाए सवाल
शंकराचार्य ने कहा, “कहा जा रहा है कि एक CD है, तो इसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा? जनता को समझना चाहिए कि कुछ लोग चोगा पहनकर सनातन धर्म को खत्म करने आए हैं। वे खुद को हिंदू कहते हैं लेकिन हिंदुओं के खिलाफ काम कर रहे हैं।”
शंकराचार्य ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में ये सभी सवाल उठेंगे और जिम्मेदारों को इसका जवाब देना होगा। उनका कहना है कि मामला झूठा और राजनीति प्रभावित है, और सच्चाई जल्द ही सामने आएगी।
