रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस की जांच के दौरान नए खुलासे सामने आए हैं। मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने पूछताछ में घटना से जुड़े कई अहम दावे किए हैं। पुलिस के मुताबिक, उसने बताया कि घटना वाले दिन फ्लैट में उसकी बहन रश्मि दुबे, ड्राइवर दानिश और पूर्व प्रेमी आमिर भी मौजूद थे। पूछताछ में उसने शिवा शर्मा के साथ कथित तौर पर मारपीट और प्रताड़ना से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी भी दी।
लिपस्टिक के निशान और डांस कराने का दावा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा ने पूछताछ में बताया कि घटना के दिन उसने शिवा शर्मा के कपड़े उतरवाए और उसके पेट, पीठ व चेहरे पर लिपस्टिक लगाई थी। आरोप है कि डंडे के जोर पर उसे डांस करने के लिए मजबूर किया गया। श्रद्धा ने यह भी दावा किया कि वह पहले भी शिवा के साथ ऐसा कर चुकी थी। पुलिस इस मामले में सामने आए बयानों और साक्ष्यों का मिलान कर रही है।
13 नवंबर तक न्यायिक हिरासत
पूछताछ के बाद श्रद्धा दुबे को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उसे 13 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की न्यायिक हिरासत भी इसी तारीख तक बढ़ा दी गई है।
आरोपियों के बयानों में विरोधाभास
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपियों से पहले अलग-अलग और फिर एक साथ बैठाकर पूछताछ की गई। इस दौरान उनके बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। पुलिस का दावा है कि श्रद्धा शिवा पर दबाव बनाती थी और उससे पैर दबवाने तक के वीडियो बनाकर रखती थी। इन वीडियो के जरिए कथित तौर पर उसे ब्लैकमेल किया जाता था।
पेनड्राइव में कई लोगों से जुड़े रिकॉर्ड होने का दावा
पूछताछ में श्रद्धा ने एक पेनड्राइव का भी जिक्र किया। उसके दावे के मुताबिक, इसमें कुछ प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों से जुड़ी सामग्री मौजूद है। उसने ‘सर जी’ नाम के व्यक्ति का भी उल्लेख किया और दावा किया कि उनके माध्यम से हजरतगंज थाने में एक एफआईआर दर्ज कराई गई थी। पुलिस अब पेनड्राइव और उसमें मौजूद सामग्री की जांच कर रही है।
कोर्ट में व्यक्तिगत पेशी की मांग
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीजेएम कोर्ट में पेशी के दौरान श्रद्धा दुबे ने व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने की अनुमति मांगी। कोर्ट ने जब इसकी वजह पूछी तो वह कोई जवाब नहीं दे सकी। इस पर अदालत ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर उसे व्यक्तिगत रूप से भी पेश किया जा सकता है।
