श्रावण माह के दौरान सड़क किनारे खुलेआम मांस एवं मांसाहार की बिक्री पर कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि श्रावण माह हिंदू धर्म का अत्यंत पवित्र समय होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की पूजा-अर्चना, व्रत और कांवड़ यात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख मार्गों पर खुलेआम मांस एवं मांसाहार की बिक्री से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। संगठन ने प्रशासन से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक विनय वर्मा ने बताया कि ज्ञापन में महिलाओं की सुरक्षा, मंदिरों में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा तथा प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। उनका कहना है कि कई मंदिर मार्गों पर मदिरा और मांस की दुकानें संचालित होने से महिलाओं के साथ अभद्रता और अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाना चाहिए।
संगठन ने तहसील क्षेत्र के सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में श्रावण माह के दौरान सड़क किनारे खुलेआम मांस एवं मांसाहार की बिक्री पर आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक एवं नियमानुसार कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इससे धार्मिक सौहार्द, जनभावनाओं का सम्मान और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इस दौरान बजरंग दल के जिला सह सेवा प्रमुख विनय मिश्रा, प्रचार-प्रसार प्रमुख सुमित्रा प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत, प्रखंड संयोजक श्रीकांत, राघवेंद्र त्रिपाठी, अमरीश वर्मा, विनोद सिंह, पवन, विमलेश पांडे, शिवम मौर्य, विजय मौर्य, करन वर्मा, सुनील गौतम सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
