नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी करने के आरोप में महफूज उर्फ बॉबी कबूतर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में कुल चार लोगों को पकड़ा गया है, जिनमें बॉबी की गर्लफ्रेंड भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, बॉबी कबूतर का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है और वह नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के गैंगस्टर हाशिम बाबा के लिए काम करता था, जो फिलहाल तिहाड़ जेल में बंद है।
दिशा पाटनी के घर फायरिंग में भी वांटेड
जांच में सामने आया है कि फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में भी बॉबी कबूतर वांटेड था। आरोप है कि उसने शूटर्स को विदेश से मंगाए गए हथियार उपलब्ध कराए थे। इस मामले में दो शूटर एनकाउंटर में मारे गए थे, जबकि तीन को गिरफ्तार किया गया था।
नादिर शाह मर्डर और डबल मर्डर केस से भी कनेक्शन
बॉबी कबूतर का नाम दिल्ली के सीलमपुर इलाके में हुए डबल मर्डर और ग्रेटर कैलाश में जिम के बाहर हुए नादिर शाह मर्डर केस में भी सामने आया था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि उसने किसके निर्देश पर हथियार सप्लाई किए।
मूसेवाला की हत्या से पहले की थी रेकी
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बॉबी कबूतर ने 29 मई 2022 को हुई सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले उनकी मूवमेंट और रूट की जानकारी जुटाई थी। यही जानकारी बाद में हमलावरों तक पहुंचाई गई।
लगातार बदल रहा था ठिकाना
स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट लंबे समय से उसकी तलाश में थी। आरोपी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर लगातार ठिकाने बदल रहा था। टेक्निकल सर्विलांस और खुफिया इनपुट्स के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।पुलिस अब गैंग के नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई चेन की गहराई से जांच कर रही है।
